कोलकाता: इस बार पश्चिम बंगाल में कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका मौसम विभाग ने पहले ही जाहिर की है। अब इसके संकेत भी दिखने लगे हैं। शुक्रवार को राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के नीचे गिर चुका है जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। अलीपुर स्थित मौसम विभाग ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया है कि राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस है। एक दिन पहले ही यह तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस था। इस तरह से लगातार तापमान में हो रही गिरावट से अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस बार कड़ाके की ठंड पड़ेगी। कोलकाता के अलावा अन्य जिलों में भी तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि राजधानी कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर के अलावा दक्षिण बंगाल के किसी भी क्षेत्र में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। उत्तर बंगाल के कुछ क्षेत्रों में बादल जरूर छाए हुए हैं |