सिलीगुड़ी: एनजेपी थाने की पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाकर एक करोड़ रूपये के गांजा के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के नाम रमेश कुमार व ओम प्रकाश है, दोनों राजस्थान के रहने वाले हैं | पुलिस सूत्रों के अनुसार बृहस्पतिवार देर रात खुफिया जानकारी के आधार पर एनजेपी थाने की पुलिस ने सफेद वर्दी में फूलबाड़ी इलाके में अभियान चलाया। पुलिस ने यहां अभियान के दौरान एक ट्रक को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर लकड़ी के नीचे करीब 837 किलो गांजा बरामद किया गया जिसका बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रूपये बताए जा रहा हैं। पुलिस ने ट्रक के चालक व खलासी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार गांजा असम से राजस्थान तस्करी किया जा रहा था। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। दूसरी ओर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है |